जनपद बदायूं

उघैती-उझानी में अधेड़ समेत दो को मारी गोली, घायलों को मेडीकल कालेज में भर्ती कराया, आरोपी फरार

Up Namaste

बदायूं। जनपद के थाना उघैती और उझानी क्षेत्र में अधेड़ समेत दो को आपसी विवाद में नामजद आरोपियों ने जान से मारने की नियत से गोली मार दी जिससे दोनों गंभीर रूप से घाल हो गए। घायलों को इलाज के लिए राजकीय मेडीकल कालेज में भर्ती कराया है। पुलिस ने दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहली वारदात उझानी थाना क्षेत्र के गांव पतरघटा के समीप हुई। इस गांव के निवासी धर्मेन्द्र वर्मा पुत्र नत्थू वर्मा शुक्रवार की सुबह अपने खेत पर गया था। बताते हैं कि खेत के समीप पहले से मौजूद आशुतोष और विवेक नामक युवकों ने धर्मेन्द्र को जान से मारने के लिए उस पर फायर कर दिया। गनीमत रही कि गोली धर्मेन्द्र के कंधे पर लगी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोलीकांड की सूचना पर घायल के परिजन मौके पर पहुंच गए और घायल को इलाज के लिए राजकीय मेडीकल कालेज ले गए। घायल के भाई सतेन्द्र ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि उसका आरोपियों से एक माह पहले विवाद हो गया था जिसकी रंजिश में उसके भाई को गोली मारी गई है। पुलिस ने तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।

दूसरी वारदात उघैती थाना क्षेत्र के गांव खितौरा में हुई। इस गांव के निवासी 52 वर्षीय दिनेश शुक्रवार दोपहर लगभग 12 बजे बाइक से किसी काम से घर से निकले थे, रास्ते में गांव के बाहर निकलते ही पहले से घात लगाए बैठे तीन हमलावरों ने उन पर तमंचे से फायर झोंक दिया। बताया जाता है कि गोली उनके सीने के पास लगी है। गोलीकांड में अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो कर गिर गया। गोली की आवाज पर आसपास काम कर रहे किसान मौके की ओर दौड़ पड़े और हमलावरों की घेराबंदी शुरू कर दी। खुद को घिरा देख हमलावार बाइक और तमंचे मौके पर छोड़ कर भागने में कामयाब हो गए। वारदात की सूचना पर थाना पुलिस और सीओ चंद्रपाल मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घायल को परिजनों के सहयोग से मेडीकल कालेज में इलाज को भर्ती कराया है। सीओ का कहना है कि इस घटना में घायल ने अपने दमाद पर आरोप लगाया है। जिसकी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Up Namaste

Leave a Reply

error: Content is protected !!