बदायूं। जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में आज सुबह एक युवक को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे को अंजाम देने के बाद वाहन चालक मय वाहन के फरार हो गया। पुलिस ने युवक के शव को अपने कब्जें में लेकर वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव सौरौरी निवासी महेन्द्र पाल का युवा पुत्र अमनदीप उर्फ लल्ला शनिवार की सुबह करीब 11 बजे खेत से वापस घर लौट रहा था इसी दौरान नकासा बाजार के समीप तेज गति के अज्ञात वाहन ने अमनदीप को अपनी चपेट में लेकर रौंद दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे पर जुटी भीड़ को देख कर वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त करा कर उसके परिजनों को सूचना दी जिस पर वह रोते बिलखते मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि अमनदीप पढ़ाई में बेहद तेज था और बगरैन की एक लाईब्रेरी में रह कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था मगर होनी को तो कुछ और ही मंजूर था।
पुलिस ने अमनदीप के शव का पीएम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर अभियोग दर्ज कर वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।





