गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने ‘गति शक्ति मल्टी-मॉडल कार्गाे टर्मिनल और कार्गाे से जुड़ी सुविधाओं के विकास के जरिये रेल-आधारित लॉजिस्टिक्स‘ के तहत बितरोई गुड्स शेड के पास वेयरहाउसिंग के लिये टेंडर अवार्ड किया है। ऐसा करने वाला यह भारतीय रेल का पहला मंडल बन गया है। यह सुविधा 25 साल की अवधि के लिये विकसित की जा रही है, जिससे इंटीग्रेटेड रेल-आधारित लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग के लिये एक लॉन्ग-टर्म फ्रेमवर्क तैयार होगा, जो कि माल लदान में मील का पत्थर सिद्ध होगा।
इस पहल से सालाना रु. 71.67 लाख का गारंटीड रेलवे फ्रेट ट्रैफिक मिलेगा, जिसमें हर साल 6 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी। साथ ही, लागू लैंड लीज़ चार्ज और 25 प्रतिशत कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट से ज्यादा प्रॉफिट शेयरिंग से लगातार रेवेन्यू मिलेगा और रेलवे के फ्रेट बिज़नेस को मजबूती मिलेगी। इस परियोजना से रेल फ्रेट ट्रैफिक में बढ़ोतरी, तेज़ी से लोडिंग और अनलोडिंग, वैगन के डिटेंशन समय में कमी आयेगी, एंड-टू-एंड लॉजिस्टिक्स समाधान, लोडर/कंसाइनर के लिये वेयरहाउसिंग और स्टोरेज की सुविधायें तथा ग्राहकों के लिये ज्यादा सुविधा उपलब्ध होगी और रेलवे के लिए रेवेन्यू में बढ़ोतरी होगी।





