जनपद बदायूं

पीएम मोदी के महिला सशक्तिकरण अभियान से महिलाओं को मिला आत्मबल: केन्द्रीय मंत्री

Up Namaste

बदायूं। बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ अभियान के 10 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष में शनिवार को डायट स्थित ऑडिटोरियम में भव्य कार्यक्रम का आयोजन कर छात्राओं को जागरूक किया गया। इस दौरान महिला अतिथियों ने महिलाओं के संघर्ष को सांझा किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ केन्द्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कराया। इस दौरान उन्होंने लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर श्री वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी महिला सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रहे हैं। पहले और अब महिला सशक्तिकरण में जमीन आसमान का अंतर आया है। आज 10 करोड़ से भी ज्यादा महिलाएं स्वंय सहायता समूह से जुड़ी हैं। जो महिलाएं घर में घूंघट में रहती थी, जिन्होंने घर के दरवाजे के अलावा कुछ देखा नहीं था। लेकिन आज वह अपने पैरों पर खड़ी हुई हैं। वह अपने परिवार का भरण पोषण एवं बच्चों की पढ़ाई लिखाई का खर्चा स्वयं उठाती हैं।

उन्होंने कहा कि व्यापारिक क्षेत्र में भी उनका योगदान बढ़-चढ़कर हो रहा है। न जाने कितनी ऐसी महिलाएं है, जो व्यापार, राजनैतिक क्षेत्र में बढ़-चढ़कर इस देश में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। प्रधानमंत्री जी ने 10 वर्षाें में एक करोड़ से ज्यादा महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का काम किया है। बेटियां आधुनिक हथियारों से लैस होकर देश की सीमाओं पर सुरक्षा करने का काम कर रही हैं। लड़ाकू विमान उठाने से लेकर वंदे भारत चलाने तक महिलाएं बढ़-चढ़कर काम करती है।

जिलाधिकारी निधि श्रीवास्तव ने कहा कि महिलाओं ने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सफलताओं के झण्डे गाढ़े हैं, उसके बावजूद भी हमें भू्रण हत्या की शिकायतें मिल जाती हैं। इन्ही सब चीजों से हमें ऊपर उठना है। समाज में सामान्य सोच है कि लड़कियों को यह करना है यह नहीं करना है। यह काम लड़के करेंगे यह काम लड़कियां नहीं करेंगी।

जनपद में बाहर से आयीं माउंट एवरेस्ट पर पहुंचने वाली प्रथम महिला दिव्यांग पर्वतारोही पदम श्री डॉ0 अरुणिमा सिन्हा, राष्ट्रीय हिन्दी साहित्यकार श्रुति कुशवाहा, ब्रांड एम्बेस्डर मिशन शक्ति उत्तर प्रदेश एवं राष्ट्रपति अवार्ड से सम्मानित शिक्षक डॉ0 स्नेहिल पाण्डेय व राष्ट्रीय एथलेटिक्स एवं जुडो खिलाड़ी गुलशन हसन आदि महिला अतिथियों ने अपने जीवन के संघर्ष को साझा किया। इसके उपरांत मेघावी छात्राओं को सम्मानित किया गया। लखनऊ के कलाकारों द्वारा नाटक का मंचन किया गया। वुमेनिया बैंड द्वारा अपनी शानदार प्रस्तुति दी गई। कलाकार को नूरजहां की पेंटिग की सराहना करते हुए उन्हें भी सम्मानित किया गया।

Up Namaste

Leave a Reply

error: Content is protected !!