बदायूं। जिले के कस्बा उझानी के अहिरटोला इलाके में दो दिन पहले एक मकान में रहने आया किराएदार ने मालिक दंपति को शुक्रवार की रात नशा देकर बेहोश करने के बाद घर में रखी नकदी समेत लाखों का सोने-चांदी का जेवर चोरी कर फरार हो गया। शनिवार की सुबह जब मौहल्लावासियों को इसकी जानकारी हुई तब उन्होंने दूसरे मकान में रह रहे उसके पुत्र को बुला लिया। पुत्र ने दंपति को इलाज के लिए सीएचसी भेजा जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडीकल कालेज रैफर कर दिया गया है। घटना की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। फिलहाल पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नही की है।

उझानी नगर के अहिरटोला इलाका के रहने वाले ज्ञान पाल सिंह अपने मकान में पत्नी सविता देवी के साथ रहते है जबकि उनका पुत्र नवरत्न दूसरे मकान में रह कर परचून की दुकान चलाता है। बताते है कि दंपति ने अकेले होने के कारण बैंक में नौकर बताने वाले एक युवक को दो दिन पहले ही किराए पर मकान का कमरा दिया था। बताते है कि दो दिन में ही किराएदार अपने रूप में आ गया और शुक्रवार की रात दंपति को कोई नशीला पदार्थ दे दिया जिससे दोनों बेहोश हो गए और फिर किराएदार ने अपने साथ लाई गई महिला के साथ घर की अलमारी और बख्शों के ताले तोड़ कर उसमें रखी करीब चालीस हजार की नकदी और लाखों रुपया के जेवरात चोरी कर फरार हो गए।
बताते है कि शनिवार की सुबह जब दंपति बाहर न दिखे तब पड़ोसियों ने आवाजें दी लेकिन जबाब न मिलने पर अंदर जाकर देखा तो दोनों बेहोश पड़े हुए थे। पड़ोसियों ने इसकी सूचना ज्ञानपाल के पुत्र नवरत्न सिंह को दी जिस पर वह घर पहुंचा और अपने माता पिता को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। अस्पताल में दंपति के होश में न आने पर डाक्टर ने दोनों को इलाज के लिए मेडीकल कालेज भेज दिया है। दंपति के पुत्र नवरत्न ने बताया कि उसके पिता ने अपने घर में कभी किराएदार न रखा लेकिन दो दिन पहले घर में अकेलेपन की वजह से बैंक की नौकरी बताने वाले युवक को किराए पर कमरा दे दिया था। उसने बताया कि शुक्रवार को युवक एक महिला को लेकर आया और उसे घर पर काम करने वाली बताया लेकिन दोनों ने रात में ही घटना को अंजाम दे दिया और फरार हो गए।
घटना की सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना किया है। पुलिस को किराएदार का एक आधार कार्ड मिला है जिसमें उसका नाम मुनीश पुत्र विजय निवासी बंसतपुर डंडा संभल जिजोरा अंकित है। फिलहाल पुलिस ने अभियोेग पंजीकृत नही किया है।





