बागपत/बदायूं। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में रविवार की देर रात बागड़ तीर्थ यात्रियों से भरा एक कैंटर ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर डिवाडर से टकरा कर पलट गया जिसके परिणाम स्वरूप बदायूं जिले के उझानी थाना क्षेत्र के गांव निवासी आधा दर्जन महिला-पुरूषों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो दर्जन के करीब तीर्थयात्री घायल हुए है जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल समेत अन्य हायर सेंटर भेजा गया है। घटना की सूचना पर पहुंचे डीएम और एसएसपी ने घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए है।
बदायूं जिले के उझानी थाना क्षेत्र के गांव अल्लापुरचमारी के रहने वाले करीब तीन दर्जन ग्रामीण एक कैंटर से पिछले दिनों राजस्थान के जिला हनुमानगढ़ स्थित गोगामेड़ी बागड़ धाम जाहरवीर बाबा गोगानाथ की समाधि के दर्शन करने के लिए गए थे। बताते है कि सभी तीर्थ यात्री दर्शन करने के बाद रविवार को कैंटर से वापस अपने घर लौट रहे थे। बताते है कि बागपत जिले में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर बडागांव कट के पास कैंटर चालक किसी जानवर या वाहन को बचाने के प्रयास में वाहन पर नियंत्रण खो बैठा जिससे कैंटर डिवाडर से टकरा कर पलट गया।
बताते है कि हादसा होते ही तीर्थ यात्रियों में चीख पुकार मच गई जिस पर एक्सप्रेस वे पर जा रहे वाहन चालकों के अलावा आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना देने के बाद कैंटर में फंसे यात्रियों को निकालने में जुट गए। ग्रामीणों ने करीब 32 तीर्थ यात्रियों को लहूलुहान हालत में बाहर निकाला। इस बीच पुलिस भी पहुंच गई और एम्बुलेंस के जरिए घायलों को जिला अस्पताल भेजना शुरू कर दिया। बताते है कि पुलिस को छह तीर्थ यात्री मृत हालत में मिले है। पुलिस ने मृतकों की पहचान करते हुए बताया कि मरने वालो में मुन्नी देवी, सुगड़पाल, साधु, रामेश्वर यादव, प्रेमसिंह, और एक मासूस बच्चा जितेन्द्र है जो सभी बदायूं जिले के उझानी थाना क्षेत्र के गांव अल्लापुर चमारी के रहने वाले है।
बागपत की डीएम अस्मिता लाल और एसपी सूरजराय को जैसे ही हादसे की सूचना मिली वह मौके पर पहुंच गए और घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद अस्पताल पहुंचे जहां दोनों अधिकारियों ने घायलों का हाल जाना और उनके बेहतर इलाज के निर्देश दिए। दोनों अधिकारियों ने बताया कि हादसा दर्दनाक है और गंभीर घायलो को हायर सेंटर भेजा गया। हादसे की सूचना बागपत प्रशासन ने उझानी पुलिस को दी जिस पर पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दी जिस पर परिजन चीत्कार कर उठे जिससे पूरा गांव शोकाकुल हो गया। उझानी इंस्पेक्टर धर्मेन्द सिंह ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है और परिजन बागपत रवाना हो गए है। उन्होंने बताया कि सभी मृतकों के शवो का बागपत में ही पीएम होगा।





