बरेली

रेल फाटकों के बंद होने पर बूम के नीचे से न निकले नागरिक, यह जानलेवा हो सकता हैः वीणा

Up Namaste

बरेली। पूर्वाेत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार की उपस्थिति में वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी डॉ. हरीश रेडतौलिया के निर्देशन में आज ‘‘अंतर्राष्ट्रीय समपार जागरूकता दिवस’’ के अवसर पर कारखाना गेट स्थित समपार सहित मंडल के विभिन्न समपारों पर संरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम मेें पूर्वाेत्तर रेलवे भारत स्काउट एवं गाइड के स्वयंसेवकों द्वारा समपारों पर संरक्षा संबंधी नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया गया। नागरिक सुरक्षा संगठन एवं रेल कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से रेलवे फाटको को समपार करने वाले लोगों को पम्पलेट, हैंडबिल तथा वाहनों पर लगाए जाने वाले जागरूकता स्टिकर वितरित कर समपार पार करते समय बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के बारे में जागरूक किया।

इस अवसर पर इंजीनियरिंग एवं परिचालन विभाग के गेटमैनों को रेल संरक्षा नियमों की जानकारी देकर उनका काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया। साथ ही मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर पर्यवेक्षकों द्वारा संरक्षा श्रेणी के कर्मचारियों को सुरक्षित रेल संचालन से संबंधित नियमों एवं प्रक्रियाओं से अवगत कराया गया। मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा ने सड़क उपयोगकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि रेलवे ट्रैक पार करते समय केवल निर्धारित समपार, फुटओवर ब्रिज अथवा अंडरपास का ही उपयोग करें। जल्दबाजी में अनधिकृत स्थानों से रेलवे लाइन पार करना अत्यंत जोखिमपूर्ण एवं जानलेवा हो सकता है। उन्होंने समपार पर तैनात गेटमैनों पर फाटक खोलने के लिए अनावश्यक दबाव न बनाने तथा ट्रेन गुजर जाने के उपरांत फाटक खुलने पर ही सावधानीपूर्वक समपार पार करने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि समपार बंद होने की स्थिति में साइकिल अथवा दोपहिया वाहन को बूम के नीचे से निकालने का प्रयास न करें यह जानलेवा हो सकता है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!