जनपद बदायूं

भ्रष्टगाथाः जीवित का मृत प्रमाण पत्र तो आसानी से बना दिया, जीवित होने का प्रमाण पत्र देने में हो रही है आनाकानी

Up Namaste

बदायूं। सपा सरकार के कार्यकाल के दौरान एक व्यक्ति का उसके जीवित होने के बाद भी प्रशासन के भ्रष्टतंत्र ने कुछ लोगों से मिलीभगत कर उसका मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर दिया परन्तु अब योगी सरकार का प्रशासन अपनी भूल सुधार कर उसको जीवित होने का प्रमाण पत्र देने में आनाकानी कर रहा है। जीवित व्यक्ति खुद का जीवित साबित करने के लिए अधिकारियों की परिक्रमा कर रहा है लेकिन किसी भी स्तर पर उसकी सुनने को तैयार नही है। यह व्यक्ति अब मालवीय आवास गृह पर अपने बच्चों के साथ अनिश्चित कालीन धरना पर बैठ गया है फिर भी अधिकारी उसकी सुध नही ले रहे है।

बदायूं सदर तहसील क्षेत्र के गांव भगवतीपुर निवासी विनेश सिंह को वर्ष 2016 में तहसील प्रशासन के भ्रष्ट कर्मियों ने विनेश के गांव के कुछ लोगों की मदद से उसका मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर दिया था। जब इसकी भनक विनेश को लगी तब उसके होश उड़ गए और वह भागा-भागा तहसील प्रशासन के समक्ष पहुंचा और खुद का जीवित बता कर उसका मृत्यु प्रमाण पत्र निरस्त करने की गुहार लगाई मगर उसकी किसी अधिकारी ने एक न सुनी। वर्ष 2017 में जब योगी सरकार बनी तब विनेश को लगा कि अब प्रशासन उसे जीवित मान कर प्रमाण पत्र प्रदान कर देगा लेकिन यह उसकी सबसे बड़ी भूल साबित हुई। विनेश पिछले आठ सालों से अधिकारी दर अधिकारी की परिक्रमा करने में लगा हुआ है ताकि उसे जीवित होने का प्रमाण पत्र मिल सके मगर उसे प्रमाण पत्र तो नही मिला आश्वासन जरूर मिलते रहे।

प्रशासनिक स्तर पर विनेश को जब न्याय नही मिला तब उसने अपने बच्चों के साथ तीन दिन पहले बाबा हरदेव सिंह विचार मंच के तत्वावधान में मालवीय आवास गृह पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है ताकि उसे जीवित होने का प्रमाणपत्र मिल सके। धरना के तीन दिन बीत जाने के बाद भी प्रशासन के किसी भी अधिकारी ने उसकी सुध लेने की जरूरत नही समझी है। धरना पर बैठे विनेश ने बताया कि वर्ष 2008 में उसके भाई दिनेश की मृत्यु हो गई थी जिसका प्रमाण पत्र भी उसने बनबाया था लेकिन आठ साल के बाद तहसील प्रशासन ने गांव के ही कुछ लोगों से हमसाज होकर उसका मृत्यु प्रमाण पर जारी कर दिया। विनेश का आरोप है कि गांव के नामजद कुछ लोग उसकी जमीन हड़पना चाहते हैं। विनेश का कहना है कि जब तक उसे न्याय नही मिल जाता वह धरने पर बैठा रहेगा। इस अवसर पर विचार मंच के जिलाध्यक्ष देवेन्द सिंह पटेल ने बताया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ उसके संगठन की लड़ाई जारी रहेगी और बुधवार को उनके संगठन के राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी बदायूं पहुंच कर डीएम से मुलाकात करेंगे और पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए आगे की रणनीति बनाएंगे।

Up Namaste

Leave a Reply

error: Content is protected !!