बदायूं। जिले भर में भाईदूज का पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। बहनों ने अपने भाईयों के माथे पर तिलक कर उनके दीर्धायु की कामना की और आरती उतारी। भाईयों ने भी इस मौके पर बहनों को उपहार प्रदान किए। दूर दराज क्षेत्रों से आई बहनों ने देर शाम तक अपने भाईयों का तिलक बंधन किया। भाईदूज के पर्व के साथ पंच दिवसीय दीपोत्सव का समापन हो गया।
पंच दिवसीय दीपोत्सव के तहत मनाएं जाने वाला भाईदूज पर्व की सुबह घरों में विशेष रूप से पूजा अर्चना की गई। पूजा अर्चना के उपरांत बहनों ने अपने भाईयों के माथे पर तिलक लगा कर उनकी आरती उतारी और उनके दीर्धायु होने की प्रार्थनाएं भगवान से की। इस अवसर पर भाईयों ने भी बहनों के सम्मान की रक्षा करने के संकल्प के साथ अपनी-अपनी बहनों को उपहार भी प्रदान किए। भाईदूज का पर्व मनाने के लिए दूर दराज क्षेत्रों से विवाहित बहनें अपने भाईयों के घर पहुंची। देर शाम तक भाई दूज का पर्व मनाने का सिलसिला जारी रहा। जनपद के उझानी, सहसवान, बिल्सी, बिसौली, वजीरगंज, कुंवरगांव, दातागंज समेत अन्य नगरों-कस्बों आदि में भाईदूज का पर्व धूमधाम के साथ मनाएं जाने के समाचार मिले हैं। जिले भर के ग्रामीण इलाकों में भाईदूज का पर्व परम्परागत तरीके से मनाएं जाने की खबरें हैं।
भाईयों का तिलक करने जेल पहुंची बहनें
विभिन्न मामलों में जिला कारागार में निरूद्ध भाईयों का भाईदूज के अवसर पर तिलक करने जेल पहुंची बहनों ने भाईयों के माथे पर तिलक किया और ईश्वर से उनके जल्द रिहा होने की कामना की। जेल प्रशासन ने भी भाईदूज के पर्व पर विशेष व्यवस्थाएं की ताकि बहनों को तिलक करने कोई दिक्कतें न आ सके।
भाईदूज पर बाजार रहे गुलजार
भाईदूज के पर्व पर बाजार गुलजार रहे। बाजार आने वाले भाई बहनों ने जमकर मिठाईयां, गोले, फल, फरूट समेत कपड़ा आदि की खरीददारी की। बाजारों में खरीददारी करने वालो की सुबह से भीड़ लगी रही।




