उझानीजनपद बदायूं

बरसात भी कम न कर सकी शिव भक्त कांवरियों का जोश, नाचते झूमते निकल रहे हैं कांवरियां

Up Namaste

 आस्था से सराबोर नजर आ रहा है समूचा क्षेत्र और हाइवे

उझानी(बदायूं)। पांचवे सोमवार को भगवान शंकर का जलाभिषेक करने का जज्बा लेकर दूर दराज जनपदों एवं इलाकों से शिव भक्त कांवरियां कछला स्थित मां भागीरथी के तट पर पहुंच रहे हैं जहां से गंगाजल के साथ कांवर उठा कर भजनों पर नाचते झूमते अपने गंतव्य की ओर निकल रहे हैं। शनिवार को हुई बरसात ने शिव भक्तों का जोश और बढ़ा दिया। शिव भक्तों के जयकारों से हाइवे और समूचा क्षेत्र भगवान शिव की आस्था से सराबोर नजर आ रहा है।

शुक्रवार से कछला स्थित मां भागीरथी के तट पर पहुंचने वाले शिव भक्तों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। मां भागीरथी के तट पर भारी संख्या में पहुंचने वाले शिवभक्त कांवरियां पवित्र गंगाजल से स्नान करने के बाद मां गंगा और भगवान शंकर के साथ कांवर सजा कर उसकी पूजा अर्चना करने के उपरांत गंगाजल भर कर कांवर उठा कर जत्थों में अपने गंतव्य की ओर चल निकलते हैं। शनिवार को भी बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवरियां कांवर कांधों पर उठा कर भोले की जय-जयकार करते हुए निकल रहे थे। शनिवार की दोपहर हुई तेज बरसात ने कांवरियों का जोश और हाई कर दिया।

शिवभक्त कांवरियों के साथ चल रहे डीजे से बज रहे धार्मिक भजनों पर शिवभक्त भगवान की भक्ति में भाव विभोर होकर जमकर थिरकते हुए चल रहे थे। शिवभक्त कांवरियों के हर-हर महादेव के जयघोष और भजनों से समूचा जनपद और हाइवे आस्था से सराबोर दिखा। कई शिवभक्त भारी मात्रा में गंगाजल के साथ कांवर को उठा कर चल रहे है। ऐसे शिव भक्तों के थक जाने पर उनके साथ चल रहे अन्य कांवरियां साथी गंगाजल से भरी उसकी कांवर को अपने कांधों पर उठा लेते हैं। दूसरी ओर डाक कांवर भी बड़ी संख्या में शिव भक्त लेकर गुजर रहे हैं। शिव भक्तों का हौंसला बढ़ाने के लिए हाइवे पर पड़ने वाले नगरों एवं गांव के वाशिंदे हाइवे किनारे पहुंचने लगे है।

Up Namaste

Leave a Reply

error: Content is protected !!