उझानी

श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया महाशिवरात्रि का पर्व, भगवान शंकर का जलाभिषेक करने मंदिर पहुंचे नर-नारी और बच्चें

Up Namaste

उझानी,(बदायूं)। नगर समेत पूरे क्षेत्र में महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन पर्व पर देवों के देव महादेव का जलाभिषेक करने शिव मंदिरों में जन सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिरों में भगवान शंकर का जलाभिषेक करने के बाद नागरिकों ने महादेव की विशेष पूजा अर्चना कर सभी के कल्याण की कामनाएं की। महाशिवरात्रि के पर्व पर कई ग्रामीण इलाकों में मेलों का भी आयोजन किया गया। शिवरात्रि पर्व पर पुलिस की व्यवस्था चाक चौबंद रही।

महाशिवरात्रि का पर्व मनाने के लिए नागरिकों में तड़के से ही विशेष उत्साह नजर आ रहा था। सुबह से ही पूरा क्षेत्र हर हर महादेव के जयघोष से गुुंजायमान हो उठा था। नागरिकों ने अपने घरों में पूजा अर्चना करने के बाद परिवारों के साथ शिव मंदिरों में पहुंच कर ऊं नमः शिवाय का जाप करते हुए शिवलिंगों और महादेव की प्रतिभाओं का जलाभिषेक किया और महादेव के प्रिय भोग, बेर, अंगूर व अन्य फलों के साथ भांग धतूरा आदि का भोग लगाया। महाशिवरात्रि पर्व मनाने के लिए भारी संख्या में नागरिक कछला पहुंचे जहां उन्होंने मां भागीरथी के जल में डुबकी लगाने के बाद महादेव का जलाभिषेक करने के लिए जल भरा और पैदल यात्रा करते हुए नगर के प्राचीन बड़े महादेव मंदिर, गौशाला, पुरानी मंदिर के प्राचीन शिव मंदिर समेत नगर के तमाम शिव मंदिरों के अलावा बुर्रा गांव स्थित प्राचीन शिव मंदिर में पहुंच कर शिवलिंगों और महादेव की प्रतिभाओं का गंगाजल से अभिषेक कर पुण्यलाभ प्राप्त किया। आज सुबह से शुरू हुए जलाभिषेक का सिलसिला दोपहर बाद तक चलता रहा। समूचे क्षेत्र के मंदिरों को भव्य तरीके से सजाया गया। मंदिरों पर सुबह से लेकर शाम तक भजन कीर्तन का सिलसिला चलता रहा जिससे वातावरण धर्ममय हो गया। बमनोसी निवासी किसान नेता सत्यवीर सिंह यादव ने बताया कि उनके गांव समेत आसपास के गांवों में महाशिवरात्रि का पर्व हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया है। इस पावन मौके पर बुर्रा समेत कई गांवों में मेलों का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंच कर मेले का लुप्त उठाया। कछला स्थित मां भागीरथी के तट समेत पूरे क्षेत्र के शिव मंदिरों पर पुलिस ने अपनी व्यवस्था चाक चौबंद रखी।

Up Namaste

Leave a Reply

error: Content is protected !!