जनपद बदायूं

लड़की पक्ष ने दूल्हा पक्ष से मांगे एक लाख नकद, न मिलने पर दूल्हे के कपड़े खराब बता कर लौटाई बारात

बिसौली(बदायूं)। दहेज की खातिर लड़का पक्ष द्वारा शादी करने से मना करने के किस्से तो आम बात है लेकिन कोतवाली क्षेत्र के गांव अंताईपुर में बारात आने के बाद लड़की पक्ष द्वारा लड़का पक्ष से एक लाख की मांग की गई और पूरा न होने पाने पर दूल्हे के कपड़े खराब बताकर बारात लौटा दी। लड़की पक्ष की करतूत पर बेचारा दूल्हा पुलिस की शरण में जाकर न्याय की गुहार लगाता फिर रहा है।

यह अजीबोगरीब मामला कोतवाली क्षेत्र के गांव अंताईपुर निवासी नन्हें पुत्र रामवीर के साथ हुआ। नन्हें की बारात बीते दिन वजीरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में गई थी। नन्हें का आरोप है कि पहले तो ससुरालियों ने उससे लड़की के नाम तुरंत एक लाख रूपए जमा करने को कहा। जब दूल्हे व उसके परिजनों ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई तो ससुरालियों ने उसे खराब कपड़ों में आने का आरोप लगाते हुए शादी करने से मना कर दिया। दूल्हा ससुरालियों के आगे गिड़गिड़ाया लेकिन किसी ने एक न सुनी। मजबूरन दूल्हा बने नन्हें को बारात बैरंग लेकर लौटना पड़ा। रविवार को नन्हें कोतवाली आया और मामले में न्याय की गुहार लगाई लेकिन पुलिस ने वजीरगंज थाने का मामला कहकर पल्ला झाड़ लिया। शादी न होने से परेशान नन्हें दुल्हन से फेरे लेने के लिए इधर उधर भटकता फिर रहा है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!