उत्तर प्रदेश

कूलर फैक्ट्री में आग लगने से लाखों का माल जल कर हुआ राख

आगरा। एत्मादपुर के नगला लाले में गुरुवार की सुबह कूलर बनाने की फैक्ट्री में लगी भीषण आग 600 से अधिक कूलर जलकर खाक हो गए। इस आगजनी में लाखों रुपया के नुकसान होने की संभावना है। आगजनी के दौरान अन्य सामान भी आग की भेंट चढ़ गया। आग का कारण शार्ट सर्किट होना बताया जा रहा है।

नगला लाले में दीपक उर्फ सोनू की न्यू इंडिया कूलर्स के नाम से कूलर बनाने की फैक्ट्री है। जिसे उसने किराए पर ले रखा है। गुरुवार की सुबह करीब सात बजे राहगीरों ने फैक्ट्री से धुआं निकलता देखा तब पुलिस को सूचना दी। आगजनी की जानकारी होने पर फैक्ट्री मालिक सोनू भी पहुंच गए। फैक्ट्री को खोला गया तो देखा कि पूरी तरह से आग में घिरी हुई थी। ग्रामीणों ने अपने स्तर से आग को काबू करने का प्रयास किया, लेकिन विकराल लपटों ने फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया था। वहां रखा सारा सामान धू-धू कर जल रहा था। लपटों को देख लोगों का अंदर जाने का साहस नहीं हुआ।

बताते हैं कि आग लगने की सूचना पर पहुंची तीन दमकलों ने करीब दो घंटे प्रयास के बाद आग को काबू में किया। तब तक वहां रखा सारा सामान खाक हो चुका था। बताया जाता है कि आग की चपेट में आकर वहां रखे 650 कूलर जल गए। खाक हुए कूलरों में 300 लकड़ी के तैयार कूलर जबकि 300 प्लास्टिक वाले कूलर थे। इसके अलावा वहां रखे पंखे, कूलर की बाडी समेत अन्य सामान भी पूरी तरह से जल चुका था। अग्निकांड में 20 से 22 लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार आग लगने का कारण शार्ट सर्किट होना बताया गया है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!