जनपद बदायूं

75 वर्षो में विश्व में बनी भारत देश की अलग पहचानः डीएम, जिले में हर्षोल्लास से मना स्वतंत्रता दिवस

Up Namaste

बदायूं। अमृत महोत्सव के अन्तर्गत स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ को जनपद में धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ जश्न के रूप में मनाया गया। 76वें स्वतंत्रता दिवस पर सरकारी कार्यालयों पर ध्वज फहराया, शहीद स्मारकों पर पुष्पांजलि, श्रद्धांजलि देकर अमर शहीदों को नमन किया गया। सभी तहसीलों, ब्लाक कार्यालयों पर सम्बंधित अधिकारियों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

सोमवार को कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी दीपा रंजन ने ध्वज फहरा कर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार वैश्य, अपर जिलाधिकारी प्रशासन विजय कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट ब्रजेश कुमार, जिला राजस्व अधिकारी विजय कुमार मिश्रा सहित अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ राष्ट्रगान गाया एवं पौधारोपण किया। डीएम दीपारंजन ने स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि वाकई हमारे पूर्वजों एवं स्वतंत्रता सेनानियों में कमाल का जज्बा रहा होगा कि वह घर परिवार सब कुछ छोड़ कर देश के लिए कुर्बान होने को निकल पड़ते थे, और उन्हीं की कुर्बानियों की वजह से आज हम देश में स्वतंत्रता से रहते हैं और हमें सभी प्रकार के अधिकार प्राप्त है। देश की आजादी के पीछे बहुत सारे लोगों की कुर्बानी है इसको कभी भी भूलना नहीं चाहिए। इन 75 सालों में एग्रीकल्चर से लेकर स्पेस टेक्नोलॉजी तक हमने बहुत से आयाम हासिल किए हैं। देश ने विश्व में अपनी एक अलग पहचान बनाई है, इसमें सभी का योगदान शामिल है। 75 वर्षों में हमने बहुत विकास किया है, हम जिस पद पर हैं उस पर रहते हुए देश के विकास में योगदान दे सकते हैं। हम सब बहुत ही सौभाग्यशाली है कि हमें एक स्वतंत्र देश में जन्म लेने का अवसर प्राप्त हुआ है। यह भी अवसर मिला है कि हम इस दिवस को बहुत ही ज्यादा हर्षोल्लास से मनाएं। आजादी वास्तव में किसी भी व्यक्ति के जीवन में बहुत महत्वपूर्ण होती है। कलेक्ट्रेट स्थित शहीद स्थल एवं अन्य स्मारकों पर जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर अमर शहीदों को नमन किया। इसके बाद डीएम ने गांधी नेत्र चिकित्सालय में भी महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया एवं ध्वजारोहण किया। इसके अलावा समस्त कार्यालयों, विद्यालयों एवं अमृत सरोवर तालाबों, शासकीय एवं निजी भवनों संस्थानों घरों दुकानों पर शान से तिरंगा फहराया गया।

Up Namaste

Leave a Reply

error: Content is protected !!