उझानी(बदायूं)। गुरू को समर्पित और धार्मिक महत्व रखने वाली अषाढ़ी पूर्णिमा पर कछला स्थित मां भागीरथी के तट पर जुटे लाखों श्रद्धालुओं ने महादेव और मां गंगा का जयघोष करते हुए पवित्र गंगा नदी में आस्था की डुबकी लगाई। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने घाट पर कई धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न कराएं वही अपने गुरूओं की पूजा अर्चना कर उन्हें दान आदि दिया। गुरू पूर्णिमा पर पूरे क्षेत्र के घरों में भी पूजा अर्चना की गई।
अषाढ़ी गुरू पूर्णिमा के मद्देनजर रविवार से ही कछला स्थित मां भागीरथी के तट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का पहुंचना प्रारंभ हो गया था। सोमवार की तड़के श्रद्धालुओं ने महादेव और मां गंगा का जयघोष गुंजायमान करते हुए आस्था की डुबकी पवित्र गंगा के जल में लगाई। इसके बाद से गंगा स्नान का सिलसिला शुरू हुआ जो देर रात तक चलता रहा। अनुमान लगाया जा रहा हैं कि गुरू पूर्णिमा के लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर पुण्य लाभ प्राप्त किया है। गंगा स्नान के उपरांत श्रद्धालुओं विशेष कर महिलाओं ने तट पर मां गंगा की पूजा अर्चना कर उनका प्रसाद रूपी भोग लगाया।
गुरू पूर्णिमा के महत्व को देखते हुए कई श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर धार्मिक अनुष्ठानों के साथ साथ कथाओं को भी सम्पन्न कराया और हवन यज्ञ में पूर्णाहूति देकर यज्ञ भगवान और मां गंगा से सबके कल्याण की प्रार्थनाएं की। बड़ी संख्या में लोगों ने अपने गुरूओं के आश्रम में पहुंच कर गुरूजनों की पूजा अर्चना कर पुण्य लाभ प्राप्त किया और गुरूओं को दान आदि दिया। गंगा स्नान करने पहुंची महिलाओं ने अपने बच्चों के साथ वहां लगे मेले में खरीददारी भी की। गुरू पूर्णिमा के धार्मिक महत्व को देखते हुए पूरे क्षेत्र के घरों में भगवान की विशेष रूप से पूजा अर्चना कर सबके कल्याण की कामनाएं नागरिकों ने भगवान से की। क्षेत्र भर में मंदिरों एवं आश्रमों मंे धार्मिक कार्यक्रम सम्पन्न हुए।
गुरू पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने कासगंज, एटा, आगरा, मैनपुरी, अलीगढ, सिकंदराबाद, हाथरस, सिकंदराराऊ, फिरोजाबाद, शिकोहाबाद, अलीगज, छर्रा, अतरोली, बदायूं, बरेली, पीलीभीत आदि दूर दराज जनपदों से पहुंचे थे। घाट पर सुरक्षा को चाक चौबंद रखने में कानूनगो सुबोध शर्मा, ओमबाबू लेखपाल, सुरजीत, नगर पंचायत ईओ रतन कुमार पांडेय और पुलिस बल पर्याप्त मात्रा में मौजूद रहा।