बदायूं। जिले के उपनगर उझानी में मैंथा आयल कारोबारी के यहां बिक्रीकर विभाग की एसआईबी टीम ने छापामारी की। टीम में शामिल अधिकारियों ने मैंथा कारोबारी के दो गोदामों को खंगाला और स्टाक का मिलान किया। एसआईबी की कार्रवाई देर शाम तक जारी रही जिससे यह पता न चल सका कि छापेमारी में गड़बड़ियां पकड़ में आई या नही या फिर सब कुछ ओके निकला।
मंगलवार की शाम एसआईबी अधिकारियों की टीम डिप्टी कमिश्नर रोहित मालवीय के नेतृत्व में उझानी पहुंची और बदायूं रोड स्थित मैंथा कारोबारी मनोज गोयल के गोदाम पर छापा मारा और वहां मौजूद मैंथा आयल के बारे में जानकारी लेते हुए स्टाक को देखा। टीम के अधिकारियों ने श्री गोयल के आवास स्थित गोदामों पर भी छापेमारी की जहां सबसे ज्यादा समय तक एसआईबी की टीम खामियों को खंगालती नजर आ रही थी। देर शाम तक अधिकारी मैंथा आयल के स्टाक का मिलान करते रहे।
सूत्र बताते है कि छापेमारी जीएसटी से जुड़ी हो सकती है लेकिन अधिकारियों के छापामारी में व्यस्त रहने से यह पता न चल सका कि छापेमारी में कितनी खामियां या फिर जीएसटी को लेकर कुछ मामले पकडे़ गए है या नही। छापेमारी में व्यस्त अधिकारियों से सम्पर्क साधने का प्रयास किया मगर उनके साथ मौजूद पुलिस कर्मियों ने मना करते हुए कहा कि सहाब कार्रवाई पूरी होने के बाद ही कोई बात कर सकते है। बताते है कि एसआईबी अधिकारियों की टीम मैंथा आयल कारोबारी की फर्म से बिक्री, खरीद फरोख्त और लेनदेन की जांच करते हुए रात आठ बजे तक गहनता से गोदामों में जांच करते रहे। इस संदर्भ में जब कारोबारी से पूछा गया तो उन्होंने इसे आम सर्वे बताया।





