बिसौली(बदायूं)। बिजली तारों में अचानक करंट दौड़ने से पोल पर काम कर रहा संविदा कर्मचारी नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर साथी कर्मचारियों ने उसे निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। कर्मचारियों का आरोप है कि जेई के अलावा किसी अधिकारी व कार्यदायी संस्था ने घायल कर्मचारी की सुध नहीं ली है।
विद्युत उपकेन्द्र पर तैनात संविदा कर्मचारी रजनेश यादव मेन चैराहे पर खंबे पर चढ़कर लाइन दुरूस्त कर रहा था। इसी दौरान अचानक बिजली सप्लाई शुरू हो गई जिससे तारों में करंट दौड़ने से रजनेश पोल से नीचे आ गिरा। सूचना पर साथी कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर गंभीर रूप से जख्मी कर्मचारी को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। कर्मचारियों ने उपचार के लिए सहायता राशि एकत्र कर परिजनों को दी। सूचना मिलते ही संविदा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार सिंह अपनी टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। कर्मचारियों में अधिकारियों की अनदेखी को लेकर रोष व्याप्त है।