शहर

शादी समारोह में लान से चोर ले गए दुल्हन के सात लाख के जेवर, सीसीटीवी में कैद हुए चोर

Up Namaste

बदायूं। शहर शादी समारोह के दौरान एक लॉन से रात के समय दुल्हन के सात लाख के जेवर चोरी हो गए। परिवार वालों को सुबह फेरे पड़ने के दौरान इसकी जानकारी हुई तो उनमें खलबली मच गई। उधर बाइक सवार दो चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं जिनकी पुलिस पड़ताल कर रही है।

बताया जाता है कि सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के ग्राम आमगांव निवासी हाकिम सिंह की बेटी आशु राठौर की सोमवार रात जवाहरपुरी पुलिस चौकी के नजदीक सांई लॉन में शादी थी। उसकी बरात थाना क्षेत्र के ही सनाय गांव से आई थी। बताते हैं कि दूल्हा कौशल कुमार पुत्र रक्षपाल सिंह शादी में सात लाख रुपये के जेवर लाया था। रात करीब एक बजे दूल्हा पक्ष की ओर से दुल्हन के परिवार वालों को जेवर दिए गए थे। तभी दुल्हन पक्ष ने सारे जेवर एक कमरे में रख दिए थे। वहां कुछ महिलाएं बैठी हुईं थीं। दोनों पक्षों के लोग शादी में लगे हुए थे।

रात तीन बजे फेरों की तैयारी चल रही थी। दुल्हन पक्ष ने जेवरों को तलाश किया लेकिन तब तक जेवर चोरी हो चुके थे। यह सुनकर दोनों पक्षों में खलबली मच गई। वहां मौजूद लोगों ने जेवर तलाशना शुरू किए। इसी दौरान एक पाजेब लॉन परिसर में पड़ी मिली। कमरे में बैठी महिलाओं ने बताया कि दो युवक आए थे। वह जेवर उठाकर ले गए थे। वह कुछ समझ नहीं पाईं थीं। इससे पहले दोनों चोर आराम से जेवर लेकर वहां से भाग गए।
सूचना पर थाना पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले, जिनमें बाइक सवार दो चोर दिखे हैं। सिविल लाइंस पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर राजेश सिंह ने बताया कि इस संबंध में तहरीर आई है। मामले की पड़ताल कराई जा रही है।

Up Namaste

Leave a Reply

error: Content is protected !!