जनपद बदायूं

ससुराल में संदिग्धावस्था में महिला की मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप, ससुराली हुए फरार

सहसवान,(बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल वाले शव छोड़कर फरार हो गए। मायके वालों की सूचना पर पुलिस ने शव का पीएम कराया। सोमवार शाम को मृतका की मां ने उसके ससुराल वालों पर दहेज की मांग के चलते हत्या करने का आरोप लगाते हुए पति समेत छह लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी।

रविवार देर शाम पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र के गांव बहबलपुर में एक महिला की मौत हो गई है। सीओ चंद्रपाल सिंह, कोतवाल संजीव शुक्ला फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। गांव निवासी सहरोज के घर में उसकी पत्नी मुस्कान का शव चारपाई पर पड़ा हुआ था और घर वाले फरार थे। वहां मौजूद मृतका के मायके वालों ने पुलिस को बताया कि ससुराल वालों ने मुस्कान की हत्या कर दी है और शव छोड़कर फरार हो गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। सोमवार शाम को कोतवाली पहुंची मृतका की मां मोविना ने पुलिस को तहरीर दी। उसका कहना है कि उसने अपनी पुत्री मुस्कान की शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व गांव बहबलपुर निवासी सहरोज पुत्र छुट्टन के साथ की थी। मुस्कान के ससुराल वाले शादी में दिए दान दहेज से संतुष्ट नहीं थे। अतिरिक्त दहेज के रूप में बुलेट मोटरसाइकिल और 50 हजार रुपए नकदी की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न करते थे। सात मई को दहेज की मांग के चलते मुस्कान के ससुराल वालों ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। रविवार को ससुराल वाले मुस्कान का उत्पीड़न न करने का आश्वासन देकर उसकी विदा कराकर ससुराल ले आए। रात में मारपीट कर ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर दी और शव छोड़ कर फरार हो गए। मृतका की मां ने उसके पति सहरोज, ससुर छुट्टन, सास फरजाना, जेठ फिरोज, जेठानी असमा और ननद फरीन के खिलाफ तहरीर दी। कोतवाल संजीव शुक्ला का कहना था कि तहरीर प्राप्त हुई है। मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। शव का पीएम करा दिया गया है। अभी किसी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!