जनपद बदायूं

अलापुर थाने के सामने युवक ने खुद को गोली मार कर की आत्महत्या, परिजनों नेे लगाया हत्या का आरोप

Up Namaste

बदायूं। उपनगर अलापुर में थाने के सामने एक हत्यारोपी युवक ने खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली। युवक कुछ दिन पहले ही जेल से रिहा होकर अपने घर लौटा था। चर्चा है कि उधारी के लेनदेन में युवक ने आत्महत्या की है जबकि परिजन उसकी हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस ने युवक के शव का पीएम करा कर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

बताया जाता है किअलापुर कस्बे के वार्ड संख्या तीन के मोहल्ला बंजरिया निवासी सुमित गुप्ता (25) पुत्र जयनंदन बुधवार दोपहर थाने के सामने दुर्गा पाइप स्टोर के पास संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से घायल हो गया। गोली चलने के आवाज सुनकर इलाके में सनसनी फैल गई। आनन-फानन में थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस लहूलुहान अवस्था में घायल पड़े युवक को लेकर जिला अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। चर्चा है कि युवक ने खुद को गोली मार कर आत्महत्या की है लेकिन वारदात पर पहुंचे परिजन कस्बे के ही कुछ लोगों पर रुपयों के लेनदेन को लेकर हत्या का आरोप लगाया। मृतक के बड़े भाई दिलीप का आरोप है कि उसके भाई को सूदखोरों ने लाखों रूपये उधार में दिये थे। जिसके तकादे को लेकर वह उसे परेशान करते थे। इसी के चलते उन लोगों ने गोली मारकर उसके भाई की हत्या की है। सुमित एक हत्या के आरोप में जेल में बंद था। सुमित पांच दिन पहले ही जमानत पर जेल से छूटकर बाहर आया था। दिलीप का कहना है कि बुधवार सुबह सूदखारों के कहने पर अलापुर पुलिस ने सुमित की बजाय उसे पकडकर थाने ले गई और हवालात में बंद कर दिया। सुमित उसे छुड़ाने के लिये थाने आ रहा था। इसी बीच हत्यारोपियों ने उसके सिर में गोली मार दी। उधर, घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी प्रवीन सिंह चैहान ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया और आसपास के लोगों से घटना की जानकारी ली। पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच में जुटी है। उधर, घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक सिनोद शाक्य भी जिला अस्पताल पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।

अलापुर क्षेत्र में दुर्गा पाइप स्टोर के सामने एक युवक ने खुद को गोली मार ली। जिसमें वह घायल हो गए। घायलावस्था में युवक को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। अगस्त 21 में हजरतपुर के एक सर्राफ की सुमित ने भाड़े पर हत्या कराई थी। इसी मामले में वह जेल गए थे। कुछ दिन पहले ही वह जेल से रिहा होकर आए थे। सुमित ने कस्बे के मदनलाल गुप्ता से 32 लाख रुपये उधार लिए थे। जिनको आज कुछ पैसे वापस लौटाने की बात कहकर वह आए थे। उनकी दुकान के सामने युवक ने खुद को गोली मार ली। गोली मारने के अन्य कारणों का पता लगाया जा रहा है। पोस्टमार्टम व अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रवीन सिंह चैहान एसपी सिटी बदायूं

Up Namaste

Leave a Reply

error: Content is protected !!